Breaking News

बदायूँ: प्रशासन की अनदेखी से उपेक्षा का शिकार दिव्यांगजन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन।

बदायूँ: प्रशासन की अनदेखी से उपेक्षा का शिकार दिव्यांगजन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बदायूँ। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की मासिक बैठक मालवीय आवास गृह पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दिव्यांगजनों ने प्रशासनिक उपेक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को सात सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया, जिसमें दिव्यांगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई है।

अधिकारों के लिए भटकने को मजबूर दिव्यांग।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजन अपने अधिकारों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांगों को आए दिन उत्पीड़ित किया जा रहा है और फर्जी मुकदमों में फंसाने का डर दिखाकर उनका मानसिक शोषण हो रहा है। अक्सर अधिकारी दिव्यांगों की फरियाद सुनने तक को तैयार नहीं होते, जिससे उन्हें न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है।

सरकारी दफ्तरों में दलालों का बोलबाला।

विनोद सिंह ने जिला अस्पताल की बदहाली का जिक्र करते हुए बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दिव्यांगजनों को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ता है, फिर भी दलाल उनसे अवैध वसूली करने से बाज नहीं आ रहे। इसी तरह, रामबाबू गुप्ता ने विकास भवन और सशक्तिकरण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विकास भवन में दलाल सक्रिय हैं और दिव्यांगों से ठगी कर रहे हैं, जबकि सशक्तिकरण विभाग के कर्मचारी शिकायतों के बाद भी उदासीन बने हुए हैं।

रोडवेज बसों में दुर्व्यवहार।

बैठक में तेजपाल साहू ने परिवहन विभाग की मनमानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि रोडवेज बस चालक और परिचालक दिव्यांग यात्रियों को देखते ही बस दौड़ा देते हैं। मजबूरन दिव्यांगों को निजी वाहनों में महंगे किराए पर सफर करना पड़ता है।

बैठक में प्रमुख रूप से विनोद सिंह, रामबाबू गुप्ता, पप्पू, भीमसेन, तेजपाल, ललित कुमार, सुंदर लाल, सुरेश, विनय कुमार, राम रहीम और अरविंद सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!