Breaking News

उझानी: भात मांगने जा रही महिलाओं से भरी ई-रिक्शा को ट्रैक्टर ने रौंदा, एक ही परिवार की 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत।

उझानी: भात मांगने जा रही महिलाओं से भरी ई-रिक्शा को ट्रैक्टर ने रौंदा, एक ही परिवार की 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत।

उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। उझानी के निकट फूलपुर के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने शादी समारोह में भात मांगने जा रहीं महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा सवार 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, कछला के मुरावन नगला और गुलाबगड़ी की रहने वाली ये महिलाएं ई-रिक्शा में सवार होकर उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव गठौना में भात (शादी की रस्म) मांगने जा रही थीं। जैसे ही रिक्शा फूलपुर के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गलत दिशा से ओवरटेक करते हुए ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर आवागमन रुक गया।

जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में मुरावन नगला निवासी राजकुमारी (55), गंगा श्री (32), रेवती (80), प्रेम देवी (45) तथा गुलाबगड़ी निवासी नारायणी देवी (32) और आरती (30) शामिल हैं। इस घटना से मुरावन नगला मोहल्ले में मातम पसर गया है। शादी वाले घर की खुशियां एक पल में ही सन्नाटे में बदल गईं। वहीं, ई-रिक्शा चालक सन्नी और डालसिंह समेत एक अन्य घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

अधिकारियों ने लिया संज्ञान

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य का जायजा लिया और घायलों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

पुलिस की कार्रवाई

हादसा कारित करने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। उझानी पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

बाइट- अवनीश राय, डीएम बदायूँ। 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!