Breaking News

कासगंज: आवारा सांड के हमले में वृद्ध महिला की जान गई, गांव में पसरा मातम।

कासगंज: आवारा सांड के हमले में वृद्ध महिला की जान गई, गांव में पसरा मातम।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

ढोलना (कासगंज)। जनपद के ढोलना थाना अंतर्गत ग्राम भामो में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ आवारा सांड के भीषण हमले में 60 वर्षीय एक वृद्ध महिला की असमय मृत्यु हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली चमेली देवी (पत्नी जवाहर लाल) अपने घर के बाहर बैठी हुई थीं। इसी दौरान वहां पहुंचे एक आवारा सांड ने अचानक उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सांड ने महिला को पटक-पटक कर गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर और किसी तरह सांड को खदेड़कर महिला को बचाया, लेकिन तब तक उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक हो चुकी थी।

परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं और आवारा सांडों का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है, जिसकी चपेट में आकर आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब इन आवारा पशुओं को पकड़वाने और क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!