Breaking News

बिसौली पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने पेश की मानवता की मिसाल, लापता मानसिक विक्षिप्त महिला को अथक प्रयासों के बाद परिवार से मिलाया।

बिसौली पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने पेश की मानवता की मिसाल, लापता मानसिक विक्षिप्त महिला को अथक प्रयासों के बाद परिवार से मिलाया।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं)। कोतवाली बिसौली की मिशन शक्ति टीम ने त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों के जरिए एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। टीम ने थाना आंवला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उरला से लापता हुई एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला की पहचान सलमा के रूप में हुई है, जो मानसिक अस्वस्थता के कारण अपने घर का रास्ता भूल गई थी।

मामले की जानकारी देते हुए महिला उप निरीक्षक पूजा तोमर ने बताया कि चौबीस मई की रात्रि करीब आठ बजे गश्त के दौरान मिशन शक्ति की टीम को अटल चौक पर एक महिला अपने मासूम पुत्र के साथ अचेत और बदहवास हालत में पड़ी हुई मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति की टीम ने बिना एक पल गंवाए महिला को तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसौली में भर्ती कराया।

अस्पताल में उपचार मिलने के बाद जब महिला की हालत में थोड़ा सुधार हुआ, तो महिला उप निरीक्षक पूजा तोमर ने उससे बेहद संवेदनशीलता के साथ बातचीत कर उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान महिला अपना नाम तो ‘सलमा’ बता पा रही थी, लेकिन मानसिक विक्षिप्तता के कारण वह अपने घर का सही पता और परिजनों के संबंध में कुछ भी बताने में पूरी तरह असमर्थ थी।

इसके बाद मिशन शक्ति की टीम ने हार नहीं मानी और तकनीक का सहारा लेते हुए सी-प्लान ऐप, स्थानीय मुखबिरों तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर महिला व बच्चे की जानकारी साझा कर व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम के इन अथक और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अंततः महिला के वास्तविक निवास स्थान का सटीक पता लगा लिया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति फिरासत से संपर्क कर उन्हें तत्काल कोतवाली बिसौली बुलाया।

थाने पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में सभी आवश्यक कानूनी और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सलमा और उसके बच्चे को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी खोई हुई पत्नी और बच्चे को दोबारा सही-सलामत सामने पाकर परिजनों की आंखें भर आईं और उन्होंने बिसौली पुलिस व मिशन शक्ति की पूरी टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया। इस पूरे सराहनीय रेस्क्यू अभियान और महिला को परिवार से मिलाने की इस भावुक प्रक्रिया के दौरान महिला कांस्टेबल लक्ष्मी और कांस्टेबल अंजलि मुख्य रूप से उपस्थित रहीं और अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!