Breaking News

शाहजहांपुर: शिक्षामित्रों के मानदेय में ऐतिहासिक उछाल, योगी सरकार ने 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार किया मानदेय।

शिक्षामित्रों के मानदेय में ऐतिहासिक उछाल, योगी सरकार ने 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार किया मानदेय।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लाखों शिक्षामित्रों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों की नई सौगात लेकर आया। योगी सरकार ने शिक्षामित्रों के हितों में बड़ा फैसला लेते हुए उनके मानदेय में सीधे 80 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है, जिसके बाद अब शिक्षामित्रों को 10,000 रुपये के स्थान पर 18,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्राप्त होगा।

मानदेय में वृद्धि के साथ-साथ सरकार ने शिक्षामित्रों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भी बड़ा ऐलान किया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के उपलक्ष्य में शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध परिषद के प्रेक्षागृह में एक भव्य ‘शिक्षामित्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक भेंट किए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों से स्वयं में अच्छी आदतें विकसित करने का आह्वान किया ताकि नौनिहालों के भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सके। मंत्री जी ने यह भी जानकारी साझा की कि सरकार ने न केवल शिक्षामित्रों बल्कि अनुदेशकों का मानदेय भी बढ़ाकर 17,000 रुपये कर दिया है और भविष्य में भी इनके हितों का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि शिक्षक संवेदनशील होकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे, तो सरकार उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए उनके उत्तरदायित्वों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक एक गहरे विश्वास के साथ अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं, इसलिए इन बच्चों को आदर्श नागरिक बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है। शाहजहांपुर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर ‘अरुणोदय’ कैलेंडर का विमोचन भी किया गया, जिसे शिक्षा क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!