Breaking News

कुदरत का कहर: लेंटर गिरने से दो मासूमों की मौत, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे माता-पिता

कुदरत का कहर: लेंटर गिरने से दो मासूमों की मौत, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे माता-पिता।

कासगंज। सोमवार तड़के आए तेज अंधड़ और बारिश ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मटियामेट कर दीं। ग्राम घबरा में एक मकान का लेंटर भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और बुआ गंभीर रूप से घायल हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना उस वक्त हुई जब जितेश कुमार का परिवार घर के अंदर गहरी नींद में था। जितेश अपनी पांच वर्षीय बेटी सोनाली के साथ और उनकी पत्नी नीलम छह माह के बेटे अविनाश को सीने से लगाकर सो रही थीं। तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ छत का लेंटर गिर गया और पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर सबको बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूमों की सांसें थमने लगी थीं। अस्पताल ले जाते समय सोनाली और अविनाश ने दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल जितेश और उनकी पत्नी नीलम की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज बरेली के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं जितेश की बहन बबीता भी गंभीर रूप से घायल हैं। गरीबी और आर्थिक तंगी इस परिवार के लिए सबसे बड़ी बेबसी बनकर उभरी है। पेशे से चालक जितेश जैसे-तैसे परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन अब उनके इलाज के लिए भारी भरकम खर्च का पहाड़ सामने खड़ा है। ग्रामीण और परिजन चंदा इकट्ठा कर घायलों के उपचार की कोशिश कर रहे हैं।

हादसे की सूचना पर समाजसेवी ऋषिपाल सिंह गौर सहित कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। समाजसेवियों ने मौके पर आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए जिला प्रशासन और सरकार से मुख्यमंत्री राहत कोष से अविलंब मदद दिलाने की मांग की है। गांव के हर घर में चूल्हा नहीं जला है और हर आंख नम है। ग्रामीणों ने सरकार से गुहार लगाई है कि इस निर्धन परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि घायलों का जीवन बचाया जा सके।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!