Breaking News

शाहजहाँपुर: मेडिकल स्टोर संचालक पर फायरिंग और मारपीट करने वाले दो दबंग गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन।

शाहजहाँपुर: मेडिकल स्टोर संचालक पर फायरिंग और मारपीट करने वाले दो दबंग गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन।

संवाददाता, मुबारक अली

शाहजहाँपुर। जनपद के थाना जलालाबाद क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर संचालक के साथ मारपीट और तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया, जिसके निर्देश पर थाना जलालाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले इन युवकों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में पुलिस का इकबाल बुलंद हुआ है।

पूरी घटना 3 मई की बताई जा रही है, जिसके संबंध में थाना कांट के ग्राम खुटरिया निवासी राघवेंद्र सिंह पुत्र रमेश सिंह ने जलालाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि ग्राम पुरैना के मुख्य चौराहे पर स्थित उनके मेडिकल स्टोर पर नामजद अभियुक्तों ने एकराय होकर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने न केवल उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जान से मारने की नियत से अवैध तमंचे से उन पर फायर भी कर दिया। इस हिंसक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया था, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में शामिल करते हुए वैधानिक कार्यवाही शुरू की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर नामजद अभियुक्त संजय कुमार पुत्र शिवसरन लाल, निवासी ग्राम गुनारा और शोभित सिंह पुत्र मूला सिंह, निवासी ग्राम ठिंगरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या अवैध शस्त्रों का प्रदर्शन कर आमजन में भय पैदा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। फरार चल रहे शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!