Breaking News

चंदौली: जहर की सुई लगाने के आरोप में युवक की मौत, सैयदराजा थाने पर शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन।

चंदौली: जहर की सुई लगाने के आरोप में युवक की मौत, सैयदराजा थाने पर शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

सैयदराजा (चंदौली)। जनपद के सैयदराजा थाने पर गुरुवार को उस समय भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कल्याणपुर ग्राम सभा के मिश्रपुरा गांव निवासी महेंद्र राम का शव लेकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और परिजन थाने पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दो नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक के परिजनों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बुधवार को रिश्तेदारी के ही दो दबंग व्यक्तियों ने महेंद्र राम को जबरन जहर की सुई लगा दी थी और वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए थे। हालत बिगड़ने पर महेंद्र को तत्काल सैयदराजा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुछ समय तक उपचार चला और स्थिति में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था।

परिजनों के अनुसार अस्पताल से घर लौटने के बाद रात लगभग 2 बजे महेंद्र की तबीयत अचानक दोबारा खराब हुई और देखते ही देखते उन्होंने दम तोड़ दिया। महेंद्र की मौत से गुस्साए परिजनों का स्पष्ट कहना है कि जहरीली सुई के असर के कारण ही उनकी जान गई है। सुबह होते ही गुस्साए लोगों ने शव को थाने के गेट पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना पाकर पुलिस के उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!