Breaking News

फर्रुखाबाद: भीषण गर्मी में लाइन फाल्ट ठीक करने के बजाय घास छील रहे संविदा कर्मी, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप।

फर्रुखाबाद: भीषण गर्मी में लाइन फाल्ट ठीक करने के बजाय घास छील रहे संविदा कर्मी, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप।

दीपक शुक्ला, संवाददाता 

कायमगंज, फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और 42-43 डिग्री के पार पहुँचते पारे के बीच फर्रुखाबाद के बिजली विभाग से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक तरफ जनता बिजली कटौती और फाल्ट की समस्याओं से बेहाल है, वहीं कायमगंज क्षेत्र के रूटौल बिजली घर में तैनात संविदा लाइन मैनों से लाइन ठीक कराने के बजाय उपकेंद्र परिसर में घास छिलवाई जा रही है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) के कथित आदेश पर इन संविदा कर्मियों को चिलचिलाती धूप में घास साफ करने के काम में लगाया गया है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस वक्त लाइन मैनों को क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुचारू करने के लिए मुस्तैद रहना चाहिए, उस वक्त वे उपकेंद्र के भीतर घास छीलने को मजबूर हैं। भीषण लू और जानलेवा गर्मी के बीच इस तरह का कार्य कराना न केवल संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है, बल्कि विभाग के उच्चाधिकारियों के उन दावों की भी पोल खोल रहा है जिनमें गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की बात कही जाती है।

क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब लाइनों में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो कर्मचारी समय पर उपलब्ध नहीं होते, जबकि यहाँ उन्हें गैर-जरूरी कार्यों में उलझाया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अब विभागीय अधिकारियों की भूमिका की चर्चा जोरों पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को इस मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करनी चाहिए, ताकि भीषण गर्मी में कर्मचारियों के जीवन से खिलवाड़ बंद हो और जनता को सुचारू बिजली मिल सके।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!