Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस की अनूठी पहल: SP सौरभ दीक्षित के ‘घर बैठे न्याय’ अभियान से फरियादियों को मिली बड़ी राहत।

शाहजहाँपुर पुलिस की अनूठी पहल: SP सौरभ दीक्षित के ‘घर बैठे न्याय’ अभियान से फरियादियों को मिली बड़ी राहत।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर में पुलिसिंग का एक नया और मानवीय चेहरा सामने आ रहा है, जहाँ अब जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए थानों और पुलिस कार्यालयों की चौखट पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित द्वारा संचालित ‘घर बैठे न्याय’ अभियान अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम भी धरातल पर दिखने लगे हैं।

अभियान के तहत आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के निस्तारण में शाहजहाँपुर पुलिस ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए महज एक दिन में 34 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया है।

इस विशेष अभियान की कमान एएसपी ग्रामीण को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है, जिनके कुशल निर्देशन में पुलिस की टीमें सीधे शिकायतकर्ता के द्वार तक पहुँच रही हैं। एसपी सौरभ दीक्षित ने इस अभियान के लिए बेहद कड़े और स्पष्ट नियम निर्धारित किए हैं, जिसके अंतर्गत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में कम से कम एक और हर थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में रोजाना कम से कम दो शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करना अनिवार्य है।

पुलिस की यह कार्यशैली इसलिए भी प्रभावशाली साबित हो रही है क्योंकि इसमें टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों से सीधा संवाद करती है और निष्पक्षता के साथ फीडबैक लेकर मामले को हमेशा के लिए शांत कराने का प्रयास करती है।

अभियान की सफलता का ग्राफ दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। जहाँ बीते दिन 27 शिकायतों का समाधान किया गया था, वहीं अगले ही दिन यह संख्या बढ़कर 34 तक पहुँच गई, जो पुलिस की सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब जिले के फरियादियों को छोटे-मोटे विवादों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने या बिचौलियों के चंगुल में फंसने की जरूरत नहीं रह गई है। एसपी सौरभ दीक्षित ने स्पष्ट संदेश दिया है कि न्याय की इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी यह महसूस हो सके कि पुलिस प्रशासन उनकी मदद के लिए उनके घर तक उपलब्ध है।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!