Breaking News

स्मार्ट मीटर के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल: जर्जर व्यवस्था और अवैध वसूली को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल: जर्जर व्यवस्था और अवैध वसूली को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बहेड़ी (बरेली)। बिजली विभाग की नई स्मार्ट मीटर योजना और क्षेत्र में बिजली के जर्जर ढांचे को लेकर किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। भाकियू के प्रदेश सचिव दानिश बाबा के नेतृत्व में किसानों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन विभाग को सौंपते हुए स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में थोपी जा रही प्रीपेड व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारी किसानों ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और सहमति के स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर उपभोक्ता अधिकारों का हनन है। उन्होंने मांग की कि प्रीपेड व्यवस्था पर तुरंत रोक लगाकर पुरानी पोस्टपेड मीटर प्रणाली ही लागू रखी जाए और जो प्रीपेड मीटर लग चुके हैं, उन्हें भी बदला जाए। इसके साथ ही, किसानों ने मीटर लगाने वाली एजेंसियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

बिजली आपूर्ति की खस्ताहाली पर आक्रोश जताते हुए किसानों ने बताया कि ग्राम चकनरकुण्डा में वर्ष 2017 से दो ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं, जिससे सिंचाई कार्य पूरी तरह ठप्प है। वहीं, ग्राम गोपालपुर में जर्जर तारों के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। धोबी तालाब बिजली घर से जुड़े फीडरों की अनियमित शिफ्टिंग पर भी सवाल उठाए गए हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस मौके पर मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद समीर, आमिर बाबा, फरहान, बादशाह, कमर, जावेद, मोहम्मद अजीम और सोहेल ‘बुलेट’ सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!