Breaking News

चन्दौली में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़े वाहनों में घुसा बेकाबू कंटेनर, तीन चालक लहूलुहान।

चन्दौली में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़े वाहनों में घुसा बेकाबू कंटेनर, तीन चालक लहूलुहान।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता

सैयदराजा (चन्दौली)। नेशनल हाईवे-19 पर मंगलवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब रमऊरपुर गांव के समीप एक अनियंत्रित कंटेनर ने पहले से खड़े डंपर और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। मजार के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन डिवाइडर और डंपर के बीच फंसकर पूरी तरह पिचक गया। सूचना पर पहुँची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुँचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह तड़के हुआ जब पिकअप और डंपर के चालक सर्विस लेन न होने के कारण हाईवे किनारे वाहन खड़े कर पास के ढाबे पर चाय पी रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया और खड़े वाहनों में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप चालक वीरेंद्र लहूलुहान हो गया।

वहीं इंदौर से आ रहे कंटेनर के चालक मनोज राय (35 वर्ष) और सहायक चालक विनोद राय (25 वर्ष) केबिन में ही बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुँची डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर काफी मेहनत के बाद दोनों को बाहर निकाला।

हादसे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे पर सर्विस लेन का निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आए दिन बेगुनाह लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। फिलहाल तीनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!