Breaking News

बदायूं: भाकियू चढूनी की पंचायत में गूंजा स्मार्ट मीटर हटाने का मुद्दा, छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

भाकियू चढूनी की पंचायत में गूंजा स्मार्ट मीटर हटाने का मुद्दा, छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

संवाददाता: शिवेंद्र यादव

बदायूँ। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने मालवीय आवास गृह पर पंचायत आयोजित कर किसानों और जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पंचायत में स्मार्ट मीटर हटाकर पोस्टपेड मीटर लगाए जाने की मांग जोर-शोर से उठाई गई।

पंचायत को संबोधित करते हुए बिल्सी तहसील अध्यक्ष रामसिंह ने बताया कि ग्राम पिंडोल में आवारा गौवंश के आतंक से किसान परेशान हैं और उनकी फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।

बिसौली तहसील अध्यक्ष रजनेश उपाध्याय ने तहसील प्रशासन पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मासिक पंचायतों के माध्यम से कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

प्रदेश सचिव आसिम उमर ने कहा कि जिले में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) के विपरीत है। उन्होंने इस मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने निजी विद्यालयों में महंगी निजी प्रकाशन की किताबें अनिवार्य रूप से बेचने पर चिंता जताई और कहा कि सरकारी आदेशानुसार एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से ही पढ़ाई कराई जानी चाहिए। उन्होंने ऐसे विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पंचायत के बाद संगठन पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!