Breaking News

कासगंज: महंगी किताबों के विरोध में फूटा गुस्सा, अभिभावकों का प्रदर्शन—प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश।

महंगी किताबों के विरोध में फूटा गुस्सा, अभिभावकों का प्रदर्शन—प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश।

संवाददाता: जुम्मन कुरैशी

कासगंज। जनपद कासगंज में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। महंगी और निजी प्रकाशकों की किताबें जबरन खरीदवाने के विरोध में “यूनिटी फॉर वैल्युएबल एक्शन (YUVA)” संगठन के नेतृत्व में अभिभावकों ने धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई निजी स्कूल प्रशासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद एनसीईआरटी की किताबें लागू नहीं कर रहे हैं और निजी प्रकाशकों से मिलीभगत कर अभिभावकों पर महंगी किताबें थोप रहे हैं। इससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

धरने का नेतृत्व कर रहे संगठन के प्रतिनिधि हरवीर सिंह भारतीय ने कहा कि 6 मार्च और 31 मार्च 2026 को प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू की जाएं। इसके बावजूद कई नामचीन स्कूल इन आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं और कमीशन के खेल में लगे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक हर स्कूल में एनसीईआरटी की सस्ती और मानक किताबें लागू नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।

धरने की सूचना पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) जगदीश चंद्र शुक्ल मौके पर पहुंचे। डीआईओएस ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ लिखित शिकायत मिलने पर मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि शिक्षा के व्यवसायीकरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी स्कूलों की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संगठन ने मांग की है कि जिले के सभी निजी व सहायता प्राप्त स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू की जाएं, निजी प्रकाशकों की किताबें बेचने वाले स्कूलों व दुकानों पर छापेमारी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।

फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है, लेकिन अभिभावकों और संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

बाइट- हरवीर सिंह भारतीय, अध्यक्ष, यूनिटी फॉर वैल्युएबल एक्शन।

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!