Breaking News

शाहजहांपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी, मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण।

यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण।

मुबारक अली | संवाददाता

शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 126 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 42,785 तथा इंटरमीडिएट के 36,724 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक रहेगी। जनपद को 5 जोन एवं 21 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व केंद्र पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रश्नपत्रों की प्राप्ति के समय केंद्र व्यवस्थापक अथवा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्रश्नपत्रों को चार डबल लॉक अलमारियों वाले स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रश्नपत्र खोलते समय सभी निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा।

परीक्षा के दौरान मिश्रित बैठक व्यवस्था लागू की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी का पाल्य उसी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे रहा हो, तो उसकी ड्यूटी उस केंद्र पर नहीं लगाई जाएगी। परीक्षा अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर दो लाख रुपये तक का जुर्माना एवं पांच वर्ष तक का कारावास, तथा पुनरावृत्ति पर एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान बताया गया।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी आपात स्थिति के लिए उन्होंने अपना सीयूजी नंबर अधिकारियों को उपलब्ध कराया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!