Breaking News

पशुओं को बीमारी से बचाने की बड़ी मुहिम, 3.16 लाख पशुओं के मुफ्त टीकाकरण का शुभारंभ।

पशुओं को बीमारी से बचाने की बड़ी मुहिम, 3.16 लाख पशुओं के मुफ्त टीकाकरण का शुभारंभ।

संवाददाता: राजन सिंह

चन्दौली। जनपद में पशुओं को घातक संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा एक बड़ी मुहिम की शुरुआत की गई है। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण के सातवें चरण का शुभारंभ 22 जनवरी 2026 से कर दिया गया है। इस अभियान के तहत जिले के 3,16,794 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को निःशुल्क टीका लगाकर सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी योगेश कुशवाहा ने विकास खण्ड सदर से इस टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी (सदर), खण्ड विकास अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों में रवाना किया गया।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने बताया कि यह अभियान 22 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक चलेगा। पशुधन प्रसार अधिकारियों और एम.वी.यू. (मोबाइल वेटनरी यूनिट) की टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे टीकों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन का पूरी तरह पालन करें और हर गांव, हर पशुपालक तक पहुंच बनाएं।

उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक बीमारी है, जिससे पशुओं की उत्पादकता घट जाती है और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

पशुपालकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। हालांकि टीकाकरण को लेकर दो महत्वपूर्ण शर्तें भी निर्धारित की गई हैं—

पशु की आयु कम से कम 4 माह होनी चाहिए।

8 माह से अधिक गर्भित गाय या भैंस को टीका नहीं लगाया जाएगा।

यह टीकाकरण अभियान पूरी तरह निःशुल्क है और इसका उद्देश्य जनपद के पशुधन को स्वस्थ रखकर पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!