Breaking News

बदायूँ पुलिस की बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र बैंक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 1.5 करोड़ का सोना बरामद।

बदायूँ पुलिस की बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र बैंक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 1.5 करोड़ का सोना बरामद।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूं। बदायूं पुलिस को एक बड़ी अंतरराज्यीय सफलता हाथ लगी है। थाना अलापुर पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुई बैंक चोरी की वारदात में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत का 1 किलो 168 ग्राम सोना बरामद किया गया है।

आरोपी पर बैंक का लॉकर काटकर सोना, चांदी और नकदी चोरी करने का आरोप है। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी कर रही है।

दरअसल, मामला महाराष्ट्र के सांगली जिले के आटपाड़ी स्थित महाराष्ट्र बैंक से जुड़ा है। 7 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने बैंक की खिड़की काटकर प्राइवेट लॉकर तोड़ दिए थे और भारी मात्रा में सोना, चांदी व नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना आटपाड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बदायूँ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना अलापुर पुलिस, एसओजी सर्विलांस टीम बदायूँ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गभियाई से ईकरी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर राहुल शर्मा, निवासी कस्बा ककराला, थाना अलापुर को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी का 1 किलो 168 ग्राम सोना दो बिस्किट के रूप में बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली से एक सेकेंड हैंड स्कॉर्पियो खरीदी थी और उसी वाहन से महाराष्ट्र जाकर बैंक चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी किए गए सोने को पहचान छिपाने के लिए पिघलाकर बिस्किट का रूप दे दिया गया था।

पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे गिरोह का जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है। बदायूँ पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय अपराध पर बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

बाईट- एसएसपी, बृजेश कुमार।

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!