Breaking News

लखीमपुर खीरी: श्री राम जानकी महाविद्यालय में सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरण की बही प्रेरक धारा।

श्री राम जानकी महाविद्यालय में सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरण की बही प्रेरक धारा।

मोहम्मद असलम, संवाददाता 

लखीमपुर खीरी। हसनपुर कटौली स्थित श्री राम जानकी महाविद्यालय में सेवा, संस्कार और सामाजिक चेतना से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पंच परिवर्तन प्रबोधन, बाल संस्कार शाला के शुभारंभ तथा शीतलहर से राहत के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम एक साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्य बोध के संदेश से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युद्धवीर जी, क्षेत्र सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं विशिष्ट अतिथि रजनीश जी, महामंत्री सेवा भारती अवध प्रांत रहे। दोनों अतिथियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में पंच परिवर्तन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक और मानवीय सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं और सेवियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सेवा भारती अवध क्षेत्र के प्रशिक्षण प्रमुख राम मोहन गुप्त द्वारा अतिथि परिचय से हुई। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य राम लखन तिवारी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संस्थापक राम मोहन अवस्थी ने की, जबकि आयोजन का सुव्यवस्थित संयोजन प्रबंधक जितेंद्र अवस्थी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन लालता प्रसाद बाजपेई द्वारा किया गया।

इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सीतापुर के सह विभाग प्रचारक अविनाश जी, सेवा भारती अवध प्रांत के प्रचार प्रमुख अभिषेक जी, सेवा भारती लखीमपुर खीरी के अध्यक्ष गोपाल जी अग्रवाल, महामंत्री योगेश जोशी, मंत्री मनींद्र भूषण मिश्रा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री मनीष मिश्रा, अंकुर शुक्ला, गौरव शर्मा, अंचल श्रीवास्तव (एडवोकेट), उमेश मिश्रा, अरुण तिवारी, अशोक अवस्थी, लालू अवस्थी, निरंकार सिंह, जितिन अवस्थी, मीरा, मंजू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान शीतलहर से प्रभावित जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही बच्चों में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सेवा संस्कृति के बीजारोपण के उद्देश्य से श्री राम जानकी बाल संस्कार शाला का विधिवत उद्घाटन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

यह आयोजन न केवल सामाजिक सेवा का उदाहरण बना, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शिक्षा संस्थान जब सेवा और संस्कार से जुड़ते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त धारा प्रवाहित होती है।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!