Breaking News

उझानी: एपीएस इंटरनेशनल स्कूल उझानी की छात्रा सिद्धी जैन ने एनडीए में रचा नया इतिहास। 

एपीएस इंटरनेशनल स्कूल उझानी की छात्रा सिद्धी जैन ने एनडीए में रचा नया इतिहास। 

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे

उझानी, (बदायूं)। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी की होनहार छात्रा सिद्धी जैन ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। सिद्धी जैन एनडीए में राष्ट्रपति पदक पाने वाली देश की पहली महिला कैडेट बनी हैं। इसके साथ ही उन्हें बेस्ट ऑल–राउंड एयर कैडेट का सम्मान भी प्राप्त हुआ, जो अकादमिक प्रदर्शन, सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व कौशल और विशेष सेवा विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिया जाता है।

सिद्धी जैन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी से प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 10 की सीबीएसई परीक्षा में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था तथा कक्षा 12 में विद्यालय की टॉपर रहीं। उनकी यह उपलब्धि विद्यालय, जिले और पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

एनडीए में आयोजित अलंकरण समारोह के दौरान वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, विशिष्ट अतिथि और सिद्धी का गर्वित परिवार इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। नेवी चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने सिद्धी जैन की वर्दी पर राष्ट्रपति पदक अलंकृत किया और उनके प्रदर्शन को महिलाओं की बढ़ती नेतृत्व क्षमता और सशक्तिकरण का प्रतीक बताया। एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि सिद्धी ने उत्कृष्टता की एक नई मिसाल कायम की है।

सिद्धी जैन उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले के उझानी कस्बे की निवासी हैं। उनकी इस सफलता से उनके पिता निखिल जैन, परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय प्रबंधन का संदेश।

सिद्धी की इस अद्वितीय उपलब्धि पर एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी के प्रबंधतंत्र, प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्या, शैक्षणिक प्रमुख एवं समस्त स्टाफ ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया—

“सिद्धी ने अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता हमारे विद्यालय के मजबूत शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को दिए जाने वाले प्रेरक मार्गदर्शन का परिणाम है। सिद्धी आज देश की उन बेटियों में शामिल हैं जिन्होंने साहस, नेतृत्व और दृढ़ निश्चय से नई राह बनाई है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य और उच्च उपलब्धियों की हार्दिक कामना करते हैं।”

विद्यालय प्रबंधन ने यह भी कहा कि सिद्धी जैन की यह उपलब्धि उझानी सहित पूरे बदायूँ जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Spread the love

Check Also

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, एक लाख की नगदी और जेवरात पर किया हाथ साफ।

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, 1 लाख की नगदी और जेवरात पर …

error: Content is protected !!