Breaking News

बलरामपुर के फुलवरिया बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, बस में लगी आग… 3 की मौत, 23 यात्री घायल।

बलरामपुर के फुलवरिया बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, बस में लगी आग… 3 की मौत, 23 यात्री घायल।

गुलाम नबी कुरैशी

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद के फुलवरिया बाईपास पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात्रि लगभग 2:15 बजे सोनौली से दिल्ली जा रही एक यात्री बस की आमने-सामने भिड़ंत एक मालवाहक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और कुछ ही सेकेंड में उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलरामपुर सहित भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक बस संख्या UP22 AT 0245 सोनौली से दिल्ली जा रही थी, तभी फुलवरिया चौराहे के पास सामने से आ रहे ट्रक संख्या UP21 DT 5237 से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे यात्री दहशत में आकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। हादसे में बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 यात्री घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और यातायात पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर भेजा गया। इनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। वहीं पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस और ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए फुलवरिया बाईपास पर ट्रैफिक रोकना पड़ा। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस से तेज धमाका हुआ और आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग हादसे की वजह मानी जा रही है। मृतकों की पहचान और यात्रियों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कारकों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

बयान- पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!