Breaking News

श्रेयस अय्यर को अस्पताल से मिली छुट्टी, सिडनी में जारी रहेगा इलाज — बीसीसीआई ने दी हेल्थ अपडेट।

श्रेयस अय्यर को अस्पताल से मिली छुट्टी, सिडनी में जारी रहेगा इलाज — बीसीसीआई ने दी हेल्थ अपडेट।

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर की तबीयत में अब सुधार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान लगी चोट के बाद उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

तीस साल के श्रेयस अय्यर को फील्डिंग के दौरान एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने की कोशिश में पसलियों पर चोट लगी थी। चोट की गंभीरता देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय के लिए उन्हें आईसीयू में रखा गया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बयान जारी कर कहा कि – “श्रेयस अय्यर की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। मेडिकल टीम ने उनके इलाज की समीक्षा की है और अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वे अभी कुछ समय तक सिडनी में ही रहेंगे और जब पूरी तरह फिट घोषित होंगे, तब भारत लौटेंगे।”

जानकारी के अनुसार, चोट लगने के बाद अय्यर की पसली के पास आंतरिक रक्तस्राव हुआ था, जिसके कारण डॉक्टरों को एक छोटी सर्जिकल प्रक्रिया करनी पड़ी। वर्तमान में अय्यर की स्थिति स्थिर है और वे रिकवरी मोड में हैं।

बीसीसीआई ने सिडनी के डॉ. कौरुष हगहीगी और भारत के डॉ. दिनशॉ पार्डीवाला सहित सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों का आभार जताया, जिन्होंने अय्यर का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया।

श्रेयस अय्यर ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा — “हर दिन मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं। सभी शुभचिंतकों की दुआओं और समर्थन के लिए मैं दिल से धन्यवाद देता हूं।”

क्रिकेट सूत्रों का कहना है कि अय्यर की वापसी में अभी कुछ सप्ताह लग सकते हैं। ऐसे में उनके दक्षिण अफ्रीका दौरे में खेलने की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!