Breaking News

डाला छठ पर ब्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, गंगा तट पर उमड़ी आस्था की भीड़।

डाला छठ पर ब्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, गंगा तट पर उमड़ी आस्था की भीड़।

अमित कुमार ओझा, संवाददाता

चहनियां (चंदौली)। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर सोमवार की शाम को बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी मां भागीरथी गंगा तट सहित पूरे क्षेत्र के नदी, सरोवर और तालाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। इस दौरान घाटों पर भक्ति, संगीत और लोक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगा सेवा समिति के वालंटियर श्रद्धालुओं की सहायता में लगे रहे, वहीं एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें गोताखोरों के साथ गंगा में लगातार चक्रमण करती रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घाट पर बने कैंप में मौजूद रही।

बलुआ गंगा घाट पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं “केलवा जे फरेला घवद से ओह पर सुगा मेड़राय”, “कांच ही बांस के बहंगिया लचकत जाए” जैसे छठ गीतों की धुन पर गाते हुए पहुंचीं। कई श्रद्धालु दंडवत यात्रा करते हुए घाट पर पहुंचे, तो कई अपने परिवार के साथ पारंपरिक वस्त्रों में छठ माता की पूजा में लीन दिखे। क्षेत्र के महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, बिशुपुर, महुआरी, सराय, बलुआ, हरधन जुड़ा, पुराविजयी, सोनबरसा, टांडाकला, हसनपुर, तीरगांवां, बड़गांव, नादी निधौरा, सहेपुर सहित कई गांवों के घाटों और तालाबों पर पर्व धूमधाम से मनाया गया।

बलुआ घाट पर हजारों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी और बलुआ इंस्पेक्टर अतुल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। महिला पुलिस, एंटी रोमियो स्क्वाड और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में लगे रहे। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में वालंटियर खोया-पाया केंद्र से लगातार लोगों की मदद करते रहे। वहीं समाजसेवी डॉ. अजय कुमार सिंह द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सूचना प्रसारण कराया गया।

पीडब्ल्यूडी विभाग ने गंगा तट पर रस्से से सुरक्षा घेरे का निर्माण किया था, जिसके भीतर व्रती महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। जिला पंचायत की ओर से लाइटिंग, साउंड सिस्टम और खोया-पाया केंद्र की सुदृढ़ व्यवस्था की गई थी। शाम को जिलाधिकारी ने बलुआ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!