Breaking News

गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत, तीसरी बार उफान से किसान चिंतित।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत, तीसरी बार उफान से किसान चिंतित।

रामकृपाल सिंह, संवाददाता

चहनियां/चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के महमदपुर और तिरगावा गांव के बीच बनी पुलिया पर गंगा का पानी चढ़ने से एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। तीसरी बार गंगा के जलस्तर में वृद्धि से किसानों में फसलों और पशुओं को लेकर दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि इसी वर्ष गंगा का जलस्तर पहली बार बढ़ने पर हालात चिंताजनक हो गए थे। अब तीसरी बार पानी बढ़ने से भूपौली डेरवा, महडौरा, कांवर, विसुपुर महुअरिया खास, बलुआ, सराय, डेरवाकलां, महुअरकलां, विजयी के पूरा, गनेश के पूरा, चकरा, हरधन जुड़ा, सोनबरसा, टांडा कलां, सरौली, महमदपुर, जमालपुर हसनपुर, भूसौला, सरैया, बड़गावा कुरा, मुकुंदपुर समेत दर्जनों तटवर्ती गांव प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर यदि और बढ़ा तो कई एकड़ फसल बर्बाद हो जाएगी और घरों में पानी घुसने से पलायन की नौबत आ सकती है। ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले ग्रामीणों को जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा रहता है, क्योंकि बाढ़ के पानी से बचने के लिए ये भी उन्हीं जगहों पर पहुंच जाते हैं।

महमदपुर नाले पर लगाया गया जलरोधी फाटक भी नाकाफी साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि फिलहाल फाटक से रिसाव हो रहा है, जिससे खेतों में पानी भर रहा है। स्थानीय निवासी शिवपूजन यादव ने बताया कि जेई मौके पर आए थे और कहा कि गंगा का जलस्तर घटने के बाद फाटक की मरम्मत की जाएगी।

गांव के श्यामजीत यादव, रामअशीष, चंद्रहास उर्फ रोरी, अभिषेक उर्फ बिट्टू, राजू करन समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने और गंगा के पानी से बचाव की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!