Breaking News

बिजली चोरी पर विजिलेंस का शिकंजा, 7.191 किलोवाट लोड पर पकड़ी गई चोरी।

बिजली चोरी पर विजिलेंस का शिकंजा, 7.191 किलोवाट लोड पर पकड़ी गई चोरी।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य

सहसवान, बदायूं। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने और हाई लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रवर्तन दल (विजिलेंस) बदायूं ने सहसवान क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर विद्युत चोरी का मामला पकड़ा। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक प्रवर्तन दल शमशाद अली और अवर अभियंता हरीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सहसवान क्षेत्र के मोहल्ला मोहद्दीनपुर में सघन जांच की। टीम में मुख्य आरक्षी रामनिवास, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, आरक्षी सुनील कुमार और आरक्षी कृष्ण मुरारी शामिल रहे।

जांच के दौरान टीम ने एक उपभोक्ता को मीटर के अतिरिक्त एलटी पोल से दो कोर की केबल जोड़कर विद्युत का उपयोग करते हुए पकड़ा। जांच में मौके पर कुल 7.191 किलोवाट का लोड पाया गया। टीम के अनुसार परिसर में समरसेविल, तीन फ्रिज, तीन वाशिंग मशीन, तीन इन्वर्टर, दो कूलर, छह पंखे, एक एसी, एक टीवी, तीन मिक्सी और 15 बल्ब का इस्तेमाल किया जा रहा था।

विजिलेंस टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार करने के साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। संबंधित उपभोक्ता के विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।

प्रभारी निरीक्षक शमशाद अली ने बताया कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Spread the love

Check Also

सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों ने किया जागरूक।

सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों ने किया जागरूक। आई एम खान  बिसौली। तहसील क्षेत्र …