Breaking News

बदायूं पहुंची वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

बदायूं पहुंची वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा यात्रा बुधवार को बदायूं पहुंची। जनपद में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों के बाद यात्रा गुरुवार को शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गई।

सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, चौपाल, वृक्षारोपण और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

जनपद में यात्रा के व्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया था। अधिकारियों की निगरानी में यात्रा के मार्ग और विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कई स्थानों पर सेवायात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

पहली सेवा यात्रा 30 सितंबर की शाम बिसौली क्षेत्र के ओरछी चौराहे से होते हुए फैजगंज और मुड़िया पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। एमजी ग्रीन रिजॉर्ट मुड़िया में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इसके बाद बिसौली के तिरंगा चौक, वजीरगंज और पापड़ दातागंज में यात्रा का स्वागत हुआ। दोपहर में शिव पैलेस में भोजन के बाद यात्रा बेला डांडी, दहगवां और सहसवान पहुंची, जहां विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम हुए। ग्राम मुजरिया में वृक्षारोपण और सभा का आयोजन किया गया। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने वजीरगंज और अपने आवास पर यात्रा का स्वागत किया।

दूसरी सेवा यात्रा 30 सितंबर की शाम उझानी होते हुए बदायूं पहुंची थी। यात्रा ने होटल क्लब रिवेरा में रात्रि विश्राम किया। गुरुवार को केशव चौक पर स्वागत कार्यक्रम के बाद जगत ब्लॉक के इस्लामगंज स्थित पंचायत भवन में चौपाल आयोजित की गई। इसके बाद अलापुर, म्याऊं, नवीगंज और हजरतपुर में भी यात्रा का स्वागत किया गया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, रूट नंबर सात के प्रदेश संयोजक हर्षवर्धन सिंह, यात्रा जिला संयोजक केशव चौहान, युवा मोर्चा जिला महामंत्री दिग्गज गुप्ता, युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, सहदेव सागर, अक्षय पाठक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी में सुपरवाइजरों की बैठक, 16 नवंबर से शुरू होगा दूसरा चरण; घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक।

बहेड़ी में सुपरवाइजरों की बैठक, 16 नवंबर से शुरू होगा दूसरा चरण; घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक। …