Breaking News

विद्यालयों में गूंजा सुरक्षा का संदेश, छात्रों को बताए पॉक्सो कानून के प्रावधान।

विद्यालयों में गूंजा सुरक्षा का संदेश, छात्रों को बताए पॉक्सो कानून के प्रावधान।

बदायूं। गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, बच्चों की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। अभियान का पहला चरण 25 सितंबर से एक अक्टूबर और दूसरा चरण दो अक्टूबर तक निर्धारित किया गया है।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शेखूपुर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट ऋषि कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बचाव, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनुचित घटना की जानकारी बिना संकोच विश्वसनीय अभिभावक या शिक्षक को दी जानी चाहिए।

इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज गुरगांव, नकविया कन्या इंटर कॉलेज, विज्ञानन्द रामनारायण वैदिक इंटर कॉलेज, सालिगराम ग्रामसभा उच्च माध्यमिक विद्यालय करौलिया, राजकीय हाईस्कूल उपरैला, सेठ छदम्मी लाल उच्च माध्यमिक विद्यालय और लाला राधेश्याम पोरवाल मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय कुँवरगांव में भी न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में जागरूकता कार्यक्रम हुए।

न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि पॉक्सो अधिनियम का उद्देश्य 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन उत्पीड़न, यौन शोषण और अश्लील सामग्री से जुड़े अपराधों से सुरक्षा प्रदान करना है। विद्यार्थियों को इंटरनेट और सामाजिक माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा आपत्तिजनक सामग्री से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही उन्हें अच्छी शिक्षा, सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को मिली स्वास्थ्य और कानूनी सहायता

कछला स्थित नवजीवन वृद्धाश्रम में वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष चिकित्सा एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सिविल जज एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित रस्तोगी ने शिविर का उद्घाटन किया और वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।

शिविर में आश्रम में रह रहे 15 महिला और 10 पुरुष बुजुर्गों को फल, श्रवण यंत्र, छड़ी, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। उनकी स्वास्थ्य जांच कराई गई और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। अंकित रस्तोगी ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और आश्रम में साफ-सफाई, मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग तथा पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रमों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायालय के कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक तथा संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

सहसवान पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार।

सहसवान पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार। प्रधान संपादक, …