Breaking News

बदायूं: बारिश में 34 गोवंशों की मौत पर भड़के पशुधन मंत्री, कार्रवाई के निर्देश।

बारिश में 34 गोवंशों की मौत पर भड़के पशुधन मंत्री, कार्रवाई के निर्देश।

बदायूं। लगातार हुई बारिश के दौरान जिले में 34 गोवंशों की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने म्याऊं ब्लॉक के अभिगांव और सालारपुर ब्लॉक के ब्यौर स्थित गोवंश आश्रय स्थलों का जायजा लेते हुए घटना पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम कोहली समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने आश्रय स्थलों में गोवंशों के लिए उपलब्ध चारा, शेड, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वर्तमान में हरे चारे समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।

मंत्री ने ग्रामीणों से भी गोवंशों की मृत्यु के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार तीन दिन हुई बारिश के दौरान पर्याप्त शेड नहीं होने के कारण गोवंश लगातार भीगते रहे। आश्रय स्थल ढलान पर होने से वहां बारिश का पानी भी भर गया था। पानी में रहने और लगातार भीगने के कारण कई गोवंशों को ठंड लग गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

पशुधन मंत्री ने कहा कि गोवंश आश्रय स्थलों पर इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाली सर्दियों को देखते हुए सभी आश्रय स्थलों पर पर्याप्त शेड, जल निकासी, चारा और पेयजल समेत जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार बारिश में भीगने के कारण म्याऊं क्षेत्र में 20 और सालारपुर क्षेत्र में 14 गोवंशों की मृत्यु हुई है। इस तरह कुल 34 गोवंशों की मौत हुई। निरीक्षण के दौरान ब्यौर आश्रय स्थल पर एक गोवंश बीमार मिला, जिसका उपचार लगातार किया जा रहा है।

इस दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

अग्निशिखा में छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश।

रामलीला मैदान से ब्लॉक परिसर तक निकली शोभायात्रा, खुले मंच पर छात्राओं ने रखे विचार। …