Breaking News

उझानी: एनडीए में राष्ट्रपति पदक जीतकर लौटी पूर्व छात्रा सिद्धि जैन का एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य अभिनंदन।

एनडीए में राष्ट्रपति पदक जीतकर लौटी पूर्व छात्रा सिद्धि जैन का एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य अभिनंदन।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

उझानी, (बदायूं)। एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आज शुक्रवार का दिन बेहद गर्व और उत्साह से भरा रहा, जब विद्यालय की पूर्व छात्रा सिद्धि जैन के सम्मान में क्रीड़ा प्रांगण में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय ने अपनी प्रतिभाशाली छात्रा की उपलब्धियों को यादगार बनाने के लिए विशेष स्वागत कार्यक्रम रखा, जिसमें विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएँ, अभिभावक और गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के आगमन से हुई। विद्यालय के चेयरपर्सन विमलकृष्ण अग्रवाल और चेयरपर्सन पूनम अग्रवाल ने सिद्धि जैन का स्वागत करते हुए उन्हें शाल, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। निदेशक निलांशु अग्रवाल व निर्देशिका नंदिता अग्रवाल ने भी सिद्धि और उनके अभिभावकों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट और उपप्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने भी उनका स्वागत करते हुए कहा कि सिद्धि का यह गौरवशाली सफर विद्यालय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सिद्धि जैन विद्यालय की मेधावी छात्राओं में रही हैं। कक्षा 10 में उन्होंने जिला स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था, जबकि कक्षा 12 में वे विद्यालय की टॉपर रहीं। उनकी शैक्षणिक यात्रा हमेशा से अनुशासन, लक्ष्य साधना और मेहनत का उदाहरण रही है। यही कारण है कि एनडीए प्रशिक्षण के दौरान भी उन्होंने अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति पदक प्राप्त करने वाली पहली महिला कैडेट बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही उन्हें बेस्ट ऑल राउंड एयर कैडेट का सम्मान भी मिला, जो उनकी जज़्बे और काबिलियत का प्रमाण है।

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक निलांशु अग्रवाल ने कहा कि सिद्धि की उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने छात्रों से प्रेरणा लेते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हों और मेहनत निरंतर हो, तो ग्रामीण या कस्बाई क्षेत्र का विद्यार्थी भी बड़े शहरों के छात्रों से आगे निकल सकता है। उन्होंने बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट, शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।

प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट ने कहा कि सिद्धि की सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यालय के उत्तम शैक्षिक वातावरण और छात्रा की स्वयं की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि सिद्धि जैन की तरह अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने पर सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उपप्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने भी उनके परिवार को बधाई देते हुए विद्यालय में दी जाने वाली शिक्षा प्रणाली की सराहना की।

अपने संबोधन में सिद्धि जैन ने एनडीए की अपनी कठिन लेकिन प्रेरणादायक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा की मजबूत नींव इसी स्कूल ने रखी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले “वैल विशर्स” होते हैं। इसलिए हमेशा उनका सम्मान करें और उनकी बातों का पालन करें। उन्होंने विद्यालय द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

सिद्धि के पिता निखिल जैन ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि उनकी बेटी की सफलता में विद्यालय और शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा प्रदान की गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण की बदौलत ही सिद्धि आज इस मुकाम तक पहुंची है।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान हुआ, जिसके साथ समारोह का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा मानसी शर्मा ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल बना रहा और स्कूल परिसर में सिद्धि के सम्मान का दृश्य सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!