Breaking News

आत्मदाह प्रकरण में तेजी, आरोपी दरोगा पर जल्द दाखिल होगी चार्जशीट — हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती।

आत्मदाह प्रकरण में तेजी, आरोपी दरोगा पर जल्द दाखिल होगी चार्जशीट — हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। गैड़ास बुजुर्ग आत्मदाह प्रकरण में पुलिस अब आरोपी दरोगा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है। शासन से अभियोजन की स्वीकृति मिलने के बाद विवेचना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस प्रकरण को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चार्जशीट दाखिल करने में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई और जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक गोंडा राधेश्याम राय के नेतृत्व में की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अधिकतर साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और संभावना है कि नवंबर माह के अंत तक चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। शासन ने 24 अक्टूबर 2025 को दरोगा के विरुद्ध मुकदमा चलाने की अनुमति दी थी, जिसके बाद रिपोर्ट हाईकोर्ट में प्रस्तुत की गई। अदालत ने हाल ही में हुई सुनवाई में शासन की प्रगति रिपोर्ट पर संतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब गैड़ास बुजुर्ग थाने के सामने दलित युवक राम बुझारत ने आत्मदाह कर लिया था। परिजनों ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार कनौजिया पर गंभीर आरोप लगाए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच एसआईटी को सौंपी गई थी, जिसने दरोगा को नामजद आरोपी बनाया था।

करीब 14 महीने से धीमी गति से चल रही जांच अब रफ्तार पकड़ चुकी है। फिलहाल आरोपी दरोगा पवन कुमार कनौजिया अंतरिम जमानत पर हैं और वर्तमान में आईजी कार्यालय देवीपाटन मंडल में तैनात हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि चार्जशीट दाखिल होते ही उनके खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई की संभावना बढ़ जाएगी।

हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद पुलिस और शासन दोनों स्तरों पर निगरानी तेज कर दी गई है ताकि न्यायिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!