Breaking News

जनगणना ड्यूटी के आवंटन पर शिक्षिकाओं ने उठाए सवाल, दो-दो एचएलबी की जिम्मेदारी देने का विरोध।

जनगणना ड्यूटी के आवंटन पर शिक्षिकाओं ने उठाए सवाल, दो-दो एचएलबी की जिम्मेदारी देने का विरोध।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। जनगणना-2027 के दूसरे चरण में ड्यूटी आवंटन को लेकर बिथरी चैनपुर ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने सवाल उठाए हैं। सोमवार को शिक्षिकाएं सदर तहसील पहुंचीं और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर ड्यूटी आवंटन में कथित असमानता दूर करने की मांग की।

शिक्षिका रीटा बत्रा ने बताया कि फेज-2 की जनगणना के लिए एचएलबी ड्यूटी आवंटित की गई है। आरोप है कि कुछ अध्यापिकाओं की ड्यूटी हटा दी गई, जबकि उनके स्थान पर अन्य शिक्षिकाओं को मानक से अधिक दो-दो एचएलबी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे शिक्षकों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है।

शिक्षिकाओं ने ज्ञापन के माध्यम से एचएलबी आवंटन के मानक और ड्यूटी हटाने के आधार को स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अधिक उम्र की शिक्षिकाओं को फील्ड में अधिक कार्य क्यों सौंपा जा रहा है। इसके अलावा दो एचएलबी की जिम्मेदारी देने या ड्यूटी में बदलाव के आधार की जानकारी मांगी गई।

यूटा के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षकों पर पहले से विद्यालय संचालन और बच्चों की जिम्मेदारी है। ऐसे में किसी शिक्षक को एक से अधिक एचएलबी की ड्यूटी देना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि वास्तविक समस्या वाले कर्मचारियों को नियमानुसार ही ड्यूटी से मुक्त किया जाना चाहिए।

जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जनगणना कार्य में शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। किसी कर्मचारी की ड्यूटी हटाकर दूसरे को दोहरी जिम्मेदारी देना उचित नहीं है। उन्होंने दो एचएलबी की जिम्मेदारी दिए जाने पर अतिरिक्त कार्य के अनुरूप दोहरा मानदेय देने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन देने वालों में रचना वर्मा, भावना भटनागर, सिम्मी, राजीव शर्मा और सुभाष चंद्र समेत अन्य लोग शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

समिति मंडी के सामने सवारियों से भरा ऑटो पलटा, आधा दर्जन से अधिक घायल।

समिति मंडी के सामने सवारियों से भरा ऑटो पलटा, आधा दर्जन से अधिक घायल। सहसवान, …