Breaking News

शाहजहाँपुर: निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर बरसे वित्त मंत्री, मंगलवार तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम।

शाहजहाँपुर: निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर बरसे वित्त मंत्री, मंगलवार तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर।  नगर के व्यस्ततम लोहारों वाले चौराहे पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य की कछुआ चाल को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार की सुबह कैबिनेट मंत्री ने अचानक विकास कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया, जहाँ मौके पर काम की धीमी रफ्तार को देखकर उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री के साथ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी भी मुख्य रूप से मौजूद रहीं, जिन्हें मंत्री ने धरातल पर काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देते हुए साफ शब्दों में कहा कि हर हाल में आगामी मंगलवार तक नाला निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों को आए दिन होने वाली दिक्कतों से जल्द से जल्द राहत मिल सके।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि जनहित के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के निर्माण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा कार्य न केवल तय समय सीमा के भीतर समाप्त होना चाहिए, बल्कि उसकी गुणवत्ता में भी कोई कमी नहीं आनी चाहिए क्योंकि यह प्रोजेक्ट शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और जल निकासी की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए बेहद जरूरी है।

इस औचक निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह समेत संबंधित विभागों के तमाम आला अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री ने मामले की संजीदगी को देखते हुए अधिकारियों से इस पूरे निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट (डेली प्रोग्रेस रिपोर्ट) भी तलब की है, ताकि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!