Breaking News

जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें परिवार की जानकारी।

जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें परिवार की जानकारी।

बदायूं। भारत की जनगणना-2027 को डिजिटल माध्यम से संपन्न कराने की दिशा में सोमवार से स्व-गणना अभियान शुरू हो गया। अब आमजन 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।

स्व-गणना अभियान के प्रथम दिन प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने डीएम आवास पर अपने परिवार की स्व-गणना की। उन्होंने आमजन से भी 30 नवंबर तक अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की।

इसके बाद जिलाधिकारी अवनीश राय एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने भारत की जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार के लिए संचालित प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

5,929 प्रगणक और 1,003 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

जनपद में जनगणना कार्य के लिए कुल 26 चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इनमें पांच तहसील चार्ज, सात नगर पालिका परिषद और 14 नगर पंचायत शामिल हैं। जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 5,929 प्रगणक और 1,003 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

जनगणना के दौरान परिवार और उसके सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित होगा, जिसमें निर्धारित अवधि के दौरान जन्म और मृत्यु से संबंधित विवरण संकलित कर आंकड़ों को अद्यतन किया जाएगा। बेघर व्यक्तियों को भी जनगणना में शामिल किया जाएगा। उनकी गणना 4 जनवरी 2027 को सायंकाल से की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे।

जनगणना के नाम पर न दें कोई दस्तावेज और ओटीपी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से कोई दस्तावेज, प्रमाण पत्र या अन्य कागजात नहीं मांगे जाएंगे। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। साथ ही किसी से ओटीपी नहीं मांगी जाएगी। आमजन को सलाह दी गई है कि वे अपनी ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।

प्रगणकों द्वारा प्राप्त सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रगणकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड भी उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन कर उनकी पहचान एवं प्रामाणिकता की पुष्टि की जा सकेगी।

एसएसपी ने भी दिया जागरूकता का संदेश

जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस कार्यालय में सेल्फी जोन बनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने यहां पहुंचकर फोटोग्राफी कराई और तस्वीर साझा कर आमजन को जनगणना में सहभागिता का संदेश दिया। प्रशासन ने जनपदवासियों से जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की है।

Spread the love

Check Also

छुट्टा पशुओं और अवैध खनन की समस्या पर टावर पर चढ़े किसान नेता, प्रशासन में मची खलबली।

छुट्टा पशुओं और अवैध खनन की समस्या पर टावर पर चढ़े किसान नेता, प्रशासन में …