Breaking News

फरियादियों के सम्मान और जनसुविधाओं पर एसएसपी का जोर, आधुनिक सीओ कार्यालय का किया उद्घाटन।

फरियादियों के सम्मान और जनसुविधाओं पर एसएसपी का जोर, आधुनिक सीओ कार्यालय का किया उद्घाटन।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता को सम्मानजनक माहौल और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य के साथ सोमवार को बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बहेड़ी पहुंचकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सीओ कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यालय की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित परिसर और जनसुविधाओं को देखकर उन्होंने सीओ अरुण कुमार के प्रयासों की सराहना की।

उद्घाटन के बाद एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी के निर्देशों के अनुरूप पुलिस कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। शिकायत लेकर आने वाले लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी बात रखने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर जनसुविधाएं पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पुलिसकर्मियों का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास बना रहे।

इस दौरान एसएसपी ने बहेड़ी में हाल ही में उजागर हुई अवैध हथियार फैक्ट्री के मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने बहेड़ी पुलिस और एसओजी टीम की पीठ थपथपाते हुए इसे महत्वपूर्ण सफलता बताया। साथ ही मामले के पीछे सामने आए नेटवर्क की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विदेशी आतंकवादी संगठनों से संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में हथियारों की डील वीडियो कॉल के माध्यम से किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

एसएसपी ने सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध अथवा भ्रामक पोस्ट को बिना पुष्टि किए सच न मानें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इसके बाद एसएसपी ने कोतवाली बहेड़ी का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस, सीसीटीएनएस कार्यालय और मालखाने सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इससे पहले बहेड़ी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुके भेंटकर एसएसपी का स्वागत किया। एसएसपी के दौरे के दौरान पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली, जनसुविधाओं और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग की पहचान जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से होती है।

बाइट- अनुराग आर्य एसएसपी बरेली।

Spread the love

Check Also

25 लाख रुपये के बकाये से बचने के लिए रची हत्या की साजिश, मवेशी व्यापारी की मौत; दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार।

25 लाख रुपये के बकाये से बचने के लिए रची हत्या की साजिश, मवेशी व्यापारी …