Breaking News

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क, बहेड़ी में चल रही थी अवैध असलाह फैक्ट्री; चार गिरफ्तार, दो फरार।

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क, बहेड़ी में चल रही थी अवैध असलाह फैक्ट्री; चार गिरफ्तार, दो फरार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली। सोशल मीडिया पर हथियारों के वीडियो के जरिए शुरू हुआ संपर्क बरेली के बहेड़ी में अवैध असलाह फैक्ट्री तक जा पहुंचा। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क के संपर्क में था। मोबाइल चैट की जांच में पाकिस्तानी हैंडलर से हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।

रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बहेड़ी थाना क्षेत्र में गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर सीओ बहेड़ी के नेतृत्व में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 और 15 नवंबर की दरम्यानी रात इलाके की घेराबंदी की। रात करीब 1:35 बजे पुलिस ने छापा मारा तो मौके पर चार युवक हथियार तैयार करते मिले। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहेड़ी के सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर निवासी सुखराज सिंह (19), पचपेड़ा निवासी शानू मियां (29), रामपुर के विलासपुर निवासी जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत के माधौटांडा निवासी जसनूर सिंह (30) के रूप में हुई है।

जांच में सुखराज सिंह की इंस्टाग्राम गतिविधियां अहम कड़ी बनकर सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, वह हथियारों के वीडियो अपलोड करने वाले पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई थी। पुलिस को जांच के दौरान मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। बताया गया है कि सुखराज ने कई चैट डिलीट कर दी थीं।

पूछताछ में आरोपियों ने फरार दोनों साथियों के कुख्यात हथियार तस्कर इशरत पहलवान से संपर्क में होने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, इशरत पहले भी हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और आरोपी उससे भी असलाह खरीदते थे। पुलिस अब फरार आरोपियों के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, एक अवैध 9 एमएम पिस्टल, 315 बोर की एक रायफल, 12 बोर की दो अधबनी नाल, एक सिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में बहेड़ी थाने में आयुध अधिनियम की धारा 5/3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले की जांच अवैध हथियार बनाने और उनकी खरीद-फरोख्त तक सीमित नहीं है। आरोपियों के सोशल मीडिया संपर्क, पाकिस्तानी हैंडलर से बातचीत और फरार साथियों के नेटवर्क की भी गहनता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

बाइट : अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली

Spread the love

Check Also

छुट्टा पशुओं और अवैध खनन की समस्या पर टावर पर चढ़े किसान नेता, प्रशासन में मची खलबली।

छुट्टा पशुओं और अवैध खनन की समस्या पर टावर पर चढ़े किसान नेता, प्रशासन में …