Breaking News

सहसवान: जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

सहसवान (बदायूं)। नगर के सैफुल्लागंज मार्ग एवं गोपालगंज मार्ग पर लंबे समय से बनी हुई जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सहसवान को एक ज्ञापन सौंपा है।

अधिशासी अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में अनुज माहेश्वरी ने कहा कि उक्त दोनों मार्गों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसके चलते स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अंदेशा जताया कि आगामी बरसात के मौसम में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है, जिससे नागरिकों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही, सड़कों पर गंदे पानी एवं कीचड़ के जमाव से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का अंदेशा भी लगातार बढ़ रहा है।

भाजपा नेता ने स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि बुनियादी जनसुविधाओं के अभाव के कारण स्थानीय निवासी परेशान हैं। उन्होंने हाल ही में उक्त क्षेत्र में हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि जलभराव वाले स्थान पर विद्युत करंट प्रवाहित हो जाने से दो बैलों की असमय मृत्यु हो गई थी, जिससे एक बड़ी जनहानि होते-होते बची। उन्होंने कहा कि यह घटना जनसुरक्षा और नगर की नागरिक व्यवस्थाओं के प्रति बरती जा रही शिथिलता को दर्शाती है।

उन्होंने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि नगर के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो भविष्य में किसी अन्य हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से जनहित में इस समस्या का त्वरित संज्ञान लेते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं को उठाते रहे हैं। दो बार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बाद भी वे निरंतर क्षेत्र की समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखते आए हैं। इससे पूर्व भी जब सहसवान बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित हुई थी, तब अनुज माहेश्वरी ने उच्च अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग एवं तत्कालीन मंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों का पक्ष सकारात्मक रूप से प्रशासनिक पटल पर रखा था।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!