Breaking News

लखीमपुर खीरी में बिजली संकट पर गरमाई सियासत: सपाइयों ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी।

लखीमपुर खीरी में बिजली संकट पर गरमाई सियासत: सपाइयों ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी।

संवाददाता, मोहम्मद असलम 

लखीमपुर खीरी। जनपद में पिछले कई दिनों से जारी अघोषित और भारी बिजली कटौती को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। इस विकट समस्या के विरोध में रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नगरवासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने समाजवादी पार्टी के बैनर तले महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित एक शिकायती ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा और जिले की विद्युत व्यवस्था को तत्काल पटरी पर लाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों के कार्यकाल में सरकार सूबे में एक भी नया पावर प्लांट स्थापित करने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ बड़े-बड़े मंचों से जनता को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के दावे किए जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।

नगरवासियों का आरोप है कि जिला मुख्यालय जैसे मुख्य क्षेत्र में भी 24 घंटे की बात तो दूर, चौबीस घंटों में पांच घंटे भी नियमित रूप से बिजली नसीब नहीं हो पा रही है। इस भीषण गर्मी में लगातार हो रही कटौती के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी व्याप्त है।

ज्ञापन के माध्यम से सपाइयों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जनपद की चरमराई बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और अघोषित कटौती पर लगाम नहीं लगी, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। समस्या का शीघ्र समाधान न होने की स्थिति में पूरे जनपद में उग्र और विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से रैय्यांन अंसारी, तालिब नजीर सैय्यद, अरशद, अदनान अंसारी, वसीम और सलमान सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी नौजवान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!