Breaking News

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

बदायूँ। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूपीनेडा (UPNEDA) के परियोजना अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं की उपस्थिति में विभागीय स्तर पर लंबित निरीक्षणों व आवेदनों की प्रगति का जायजा लिया गया।

सीडीओ गामिनी सिंगला ने विद्युत वितरण खंडों के अनुसार लंबित निरीक्षणों का ब्योरा तलब किया। समीक्षा के दौरान विद्युत वितरण खंड प्रथम में 80, द्वितीय में 27, तृतीय में 10 और चतुर्थ खंड में 14 निरीक्षण लंबित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को आ रही तकनीकी या व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान कर सभी लंबित जांच व निरीक्षण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक के दौरान परियोजना अधिकारी प्रणव कुमार पाठक से ‘बाबू जी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना’ तथा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ के तहत लंबित प्रस्तावों की भी जानकारी ली गई। सीडीओ ने संबंधित अफसरों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर प्रस्ताव तैयार करने और उन्हें जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजने का निर्देश दिया।

योजना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विकासखंड, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर, स्टॉल और प्रचार केंद्र स्थापित कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जा सके।

Spread the love

Check Also

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार।

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 …