Breaking News

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार।

कासगंज हत्याकांड: 24 घंटे में पर्दाफाश, लूट की खातिर किशोरी की हत्या करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार।

संवाददाता, वसीम कुरैशी

कासगंज। जनपद कासगंज की कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 18 वर्षीय युवती की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से ₹1,35,100 की नकदी, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, मृतका का मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू व दुपट्टा बरामद हुआ है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग के निकट स्थित एक खेत में बने समरसेबल कमरे की छत पर युवती का शव बरामद हुआ था। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस पूछताछ में मुख्य अभियुक्त अशोक नगर निवासी समीर ने बताया कि मृतका की पूर्व में उसके साथी अरसद से जान-पहचान थी, जबकि उसकी खुद की दोस्ती कुछ माह पहले ही हुई थी। पीड़िता ने घर में रखी कमेटी की मोटी रकम और जेवरातों की जानकारी समीर को दी थी और पूर्व में 8 हजार रुपये उधार भी दिए थे। इसी नकदी और गहनों को हड़पने की नीयत से समीर ने अपने साथी अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक आरोपी किशोरी को सामान समेत फतेह सिंह के खेत में बनी कोठरी के पास ले गए। वहां पहले दुपट्टे से गला घोंटकर उसे बेसुध किया गया, जिसके बाद समीर ने चाकू से गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को छत पर छिपा दिया और मृतका के कपड़े, बैग व चप्पलें पास ही झाड़ियों में ले जाकर जला दीं।

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी 20 वर्षीय समीर (निवासी अशोक नगर), 18 वर्षीय अमित (निवासी इंडस्ट्रियल एरिया, इस्माइलपुर रोड), 22 वर्षीय अरसद (निवासी एचपी गैस एजेंसी के पीछे) और 19 वर्षीय अरसलान (निवासी तहसील रोड, गप्पू का चौराहा) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने ₹1,35,100 नकद, 2 सोने की अंगूठियां, 1 जोड़ी टॉप्स, 1 चांदी की पायल, 2 हथफूल, मृतका का मोबाइल, आलाकत्ल चाकू और दुपट्टा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Spread the love

Check Also

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश। …