Breaking News

बलरामपुर में कोडीन कफ सीरप के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित गिरफ्तार।

बलरामपुर में कोडीन कफ सीरप के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित गिरफ्तार।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

बलरामपुर। तुलसीपुर थाना पुलिस ने कोडीन कफ सीरप के अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस बिक्री के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को धर दबोचा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट और सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कुर्की जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो चुकी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले साल 19 नवंबर 2025 को गोंडा के औषधि निरीक्षक और बलरामपुर के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे सुमित कुमार वर्मा की शिकायत पर तुलसीपुर थाने में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। यह कार्रवाई कोडीन कफ सीरप की बिक्री के वैध बिल न दिखा पाने और लाइसेंस के कथित दुरुपयोग के आरोप में की गई थी। इन मामलों में मुकदमा अपराध संख्या 243/2025 और 244/2025 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 243/2025 के वांछित आरोपी चन्द्रमोहन गुप्ता (पुत्र शिवकुमार गुप्ता, निवासी- ओड़ाझार कलां, थाना तुलसीपुर) को ओड़ाझार कलां के पास से दबोच लिया। वहीं, दूसरे मामले यानी मुकदमा अपराध संख्या 244/2025 के वांछित आरोपी नियाज अहमद (पुत्र मोहम्मद इदरीश, निवासी- रमवापुर लक्ष्मनपुर, थाना तुलसीपुर) को कलश चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, ये दोनों शातिर काफी वक्त से पुलिस की गिरफ्त से बचते फिर रहे थे और विवेचना के दौरान 1 फरवरी 2026 को इनके नाम मुख्य रूप से प्रकाश में आए थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विरेन्द्र प्रसाद पाल, हेड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल अभिषेक सिंह शामिल रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …