Breaking News

हजरतपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: खनन अधिकारी ने एक लेवलर मशीन और छह ट्रैक्टरों को किया सीज, माफियाओं में मचा हड़कंप।

हजरतपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: खनन अधिकारी ने एक लेवलर मशीन और छह ट्रैक्टरों को किया सीज, माफियाओं में मचा हड़कंप।

संवाददाता, शिवेन्द्र यादव 

हजरतपुर, बदायूं।  बदायूं जनपद में अवैध खनन के काले कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ खनन विभाग ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के खनन अधिकारी ने अवैध खनन की गुप्त सूचना पर त्वरित कदम उठाते हुए एक ही रात में छापेमारी कर एक मिट्टी समतल करने वाली लेवलर मशीन और छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके से दबोच कर सीज कर दिया है। इस औचक और कड़े एक्शन से समूचे जनपद के खनन माफियाओं और उनके सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

यह पूरा मामला थाना हजरतपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाव नगला के जंगलों का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात यहां बड़े पैमाने पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और परमिशन के मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी भनक लगते ही तत्काल मामले की जानकारी जिला खनन अधिकारी गुलशन कुमार को दी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए खनन अधिकारी ने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ देर रात ही भाव नगला के बीहड़ों और जंगलों में छापेमारी कर दी। मौके पर टीम को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर टीम ने अवैध खनन में जुटी एक भारी-भरकम लेवलर मशीन और छह ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस बड़ी कार्रवाई के विषय में जानकारी देते हुए जिला खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सटीक सूचना के आधार पर हजरतपुर पुलिस के सहयोग से यह पूरी कार्रवाई की गई है। भाव नगला के जंगल से पकड़े गए सभी सात वाहनों के स्वामियों के पास खनन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं पाया गया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए सभी वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज कर हजरतपुर थाने की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। खनन अधिकारी ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि बदायूं जिले की सीमा के भीतर अवैध खनन का धंधा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में भी कोई बिना वैध परमिशन के खनन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ इससे भी अधिक कठोर और दंडात्मक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!