Breaking News

कासगंज: मिलावटी सॉस के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 967 किलो स्टॉक सीज।

कासगंज: मिलावटी सॉस के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 967 किलो स्टॉक सीज।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज: मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध सॉस जब्त किया है। लखनऊ मुख्यालय के निर्देश और जिलाधिकारी प्रणय सिंह के आदेशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार की देखरेख में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरी शंकर सिंह ने शिवपुरी कॉलोनी, सहावर गेट स्थित ‘वैभवी फूड्स’ प्रतिष्ठान पर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में सॉस का स्टॉक पाया गया। टीम को सॉस की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की प्रबल आशंका हुई, जिसके चलते तत्काल कार्रवाई अमल में लाई गई।

निरीक्षण के दौरान वहां रखे 62 कार्टनों में कुल 1,488 किलोग्राम सॉस का स्टॉक मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नियमानुसार सॉस के दो नमूने एकत्रित किए और उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सॉस की शुद्धता का खुलासा होगा और उसी के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जांच प्रक्रिया पूरी होने तक, सुरक्षा के दृष्टिगत विभाग ने वहां मौजूद लगभग 967 किलोग्राम सॉस को सीज कर दिया है। जब्त किए गए इस स्टॉक की अनुमानित कीमत ₹37,000 बताई जा रही है। सीज की गई सामग्री को फिलहाल खाद्य कारोबारकर्ता की ही अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि बिना जांच रिपोर्ट के इसका उपयोग या विक्रय न किया जा सके।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी, असुरक्षित और अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!