Breaking News

कासगंज: खाकी की बहादुरी: गहरे पानी में डूबते मासूम को आरक्षी ने बचाया, एसपी ने किया सम्मानित करने का ऐलान।

खाकी की बहादुरी: गहरे पानी में डूबते मासूम को आरक्षी ने बचाया, एसपी ने किया सम्मानित करने का ऐलान।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद कासगंज में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक जवान ने साहस और मानवता की मिसाल पेश करते हुए पांच वर्षीय मासूम बच्चे की जान बचा ली। गश्त के दौरान सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार (चेस्ट नंबर 85, टोली नंबर 03) ने ड्यूटी स्थल के पास गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूब रहे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद जिले भर में पुलिसकर्मी की सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आरक्षी को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।

घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के एटा रोड स्थित कासगंज बाईपास तिराहा, सौरभ होटल के पास की है। यहां निर्माण कार्य के चलते एक गहरा गड्ढा खोदा गया था, जो पानी से भर गया था। खेलते समय पांच वर्षीय बच्चा अचानक गड्ढे में गिर गया और डूबने लगा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन गहराई और कीचड़ के कारण कोई तुरंत पानी में उतरने का साहस नहीं कर सका।

इसी बीच गश्त कर रहे आरक्षी गौरव कुमार की नजर भीड़ पर पड़ी। हालात की गंभीरता समझते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए वर्दी की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने बच्चे को बाहर निकाला। बच्चा अत्यधिक डरा हुआ था और पानी पेट में जाने के कारण अचेत अवस्था में था। आरक्षी ने तत्काल प्राथमिक उपचार (सीपीआर) देकर उसकी हालत संभाली और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अब बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संकट में जीवन की रक्षा करना भी है। उन्होंने गौरव कुमार के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।

घटना के बाद बच्चे के परिजन भावुक हो उठे और आरक्षी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें “वर्दी में भगवान” बताया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और जिम्मेदार हृदय भी धड़कता है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!