Breaking News

गंगा कटान रोकने को सिंचाई-खनन विभाग की संयुक्त कार्ययोजना जरूरी : अब्दुल हफीज गांधी।

गंगा कटान रोकने को सिंचाई-खनन विभाग की संयुक्त कार्ययोजना जरूरी : अब्दुल हफीज गांधी।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते कटान से किसौल-किलौनी क्षेत्र में पैदा हो रहे खतरे का जायजा लेने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने गुरुवार को गोलामणि क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि गंगा की धारा लगातार गांव की ओर बढ़ रही है और कटान गोलामणि तक पहुंच चुका है। उनके अनुसार गोलामणि और गांव के बीच अब करीब एक किलोमीटर की दूरी ही बची है।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पिछले वर्ष कटान को नियंत्रित करने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से 12 छोटे बांध बनाए गए थे, लेकिन इनमें से चार गंगा की धारा में समा चुके हैं और केवल आठ ही शेष हैं। इसके बावजूद कटान की समस्या पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर बचाव कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दीर्घकालिक और प्रभावी योजना तैयार करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि गोलामणि क्षेत्र में बना पक्का ढांचा भी अब कटान के प्रभाव वाले क्षेत्र के नजदीक पहुंच गया है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसके भी गंगा की चपेट में आने का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने सिंचाई विभाग से मांग की कि क्षेत्र में कटानरोधी कार्यों में तेजी लाई जाए और अगले वर्ष के लिए अभी से व्यापक परियोजना तैयार की जाए।

सपा नेता ने जिला प्रशासन से सिंचाई और खनन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गंगा की धारा और कटान की स्थिति का तकनीकी अध्ययन कराया जाए तथा नियमानुसार जहां आवश्यक हो, वहां नदी में जमा रेत को हटाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए, ताकि नदी के प्रवाह को सुरक्षित दिशा में रखने में मदद मिल सके।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि केवल एक विभाग के स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से समस्या का स्थायी समाधान मुश्किल है। जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और खनन विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि किसौल-किलौनी क्षेत्र के गांवों और किसानों को भविष्य में गंगा कटान से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

Spread the love

Check Also

बदायूं पहुंची वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

बदायूं पहुंची वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत। बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 …