Breaking News

बदायूं: बाढ़ प्रभावित गांव में नहीं पहुंची पशु चिकित्सा टीम, डीएम नाराज।

गौशाला में अभिलेख नहीं मिलने पर सचिव से मांगा स्पष्टीकरण।

बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को दातागंज तहसील के म्याऊं विकासखंड के बाढ़ प्रभावित ग्राम हर्रामपुर का निरीक्षण किया। गांव का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने और आसपास पानी भरा होने के कारण जिलाधिकारी नाव से गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन उनके साथ है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि गांव में अभी तक पशु चिकित्सा विभाग की टीम नहीं पहुंची है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को संबंधित मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम हर्रामपुर स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। वहां आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित ग्राम सचिव का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा-पानी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने ग्राम पत्रामई पहुंचकर बंधे की स्थिति का भी जायजा लिया। पुल से गंगा नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति देखने के बाद उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाया गया कि गांव के अंदर पानी नहीं है, हालांकि पानी गांव की सीमा से सटकर बह रहा है और नदी का बहाव तेज है।

जिलाधिकारी ने बाढ़खण्ड समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव सहित बाढ़खण्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

अग्निशिखा में छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश।

रामलीला मैदान से ब्लॉक परिसर तक निकली शोभायात्रा, खुले मंच पर छात्राओं ने रखे विचार। …