Breaking News

शाहजहांपुर में अखिलेश यादव के आपत्तिजनक पोस्टर पर गरमाए सपाई, जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन।

शाहजहांपुर में अखिलेश यादव के आपत्तिजनक पोस्टर पर गरमाए सपाई, जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर सपाइयों का गुस्सा भड़क उठा है। इस कृत्य के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व चेयरमैन व सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में एकजुट हुए सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी खिरनी बाग जीआईसी मैदान में एकत्र हुए। यहाँ से उत्तर प्रदेश सरकार और विरोधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने एक विशाल जुलूस निकाला और पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे।

कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने कानून व्यवस्था और विरोधियों की ओछी राजनीति पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट (सिटी मजिस्ट्रेट) को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से सपा नेताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले और आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर इस तरह की घटिया हरकतों पर उतर आए हैं। उन्होंने विरोधियों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और हक की लड़ाई लड़ी है और पार्टी ने महिला आरक्षण बिल का पुरजोर समर्थन किया था। इसके साथ ही सपाइयों ने ज्ञापन में जनहित का एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए क्षेत्र में पशु चारे और भूसे की हो रही भीषण कालाबाजारी को तुरंत रोकने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पोस्टर लगाने वाले दोषियों की गिरफ्तारी न हुई और भूसे की कालाबाजारी पर लगाम न लगी, तो सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर भारी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा कोहराम।

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा …

error: Content is protected !!