Breaking News

कासगंज पुलिस का मानवीय चेहरा: दावत से लौट रहे घायल बाइक सवार के लिए ‘देवदूत’ बने क्षेत्राधिकारी अमित कुमार।

कासगंज पुलिस का मानवीय चेहरा: दावत से लौट रहे घायल बाइक सवार के लिए ‘देवदूत’ बने क्षेत्राधिकारी अमित कुमार।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। जनपद के पटियाली क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार ने एक बार फिर खाकी का मानवीय और बेहद संवेदनशील चेहरा पेश किया है। गश्त के दौरान सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े एक युवक को तड़पता देख उन्होंने न सिर्फ उसे संभाला, बल्कि एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सहावर के ग्राम भिलौली निवासी बदन सिंह पुत्र मुनीम सिंह अपनी मोटरसाइकिल से बड़े गांव कोटरा से एक दावत में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। तभी अचानक चांडी चौकी से करीब एक किलोमीटर पहले उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बदन सिंह के सिर और कान से अत्यधिक खून बहने लगा और वह लहूलुहान होकर सड़क पर ही अचेत हो गए।

उसी दौरान पटियाली क्षेत्राधिकारी अमित कुमार थाना सिकंदरपुर वैश्य का औचक निरीक्षण करने के बाद रात्रि गश्त पर उधर से गुजर रहे थे। सड़क पर घायल युवक को देख उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और उसकी नाजुक स्थिति को भांपते हुए फौरन 108 एम्बुलेंस और नजदीकी पीआरवी को सूचना दी। लेकिन समय की अहमियत और घायल की गंभीर हालत को समझते हुए उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार करना मुनासिब नहीं समझा और घायल बदन सिंह को तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल पहुँचाया।

क्षेत्राधिकारी ने रास्ते में ही मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कासगंज से फोन पर संपर्क कर मामले की गंभीरता को बताते हुए आपातकालीन इलाज की व्यवस्था करने को कहा। सीओ साहब के निर्देश पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी तत्परता दिखाई और रात में ही घायल का सघन इलाज शुरू कर दिया। समय पर सही इलाज मिलने के कारण बदन सिंह की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ घोषित कर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया।

बदन सिंह अपनी पत्नी राधा देवी और अन्य परिजनों के साथ सकुशल अपने घर लौट गए हैं। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार की इस त्वरित सूझबूझ और दरियादिली की चारों तरफ जमकर प्रशंसा हो रही है। घायल की पत्नी राधा देवी और परिजनों ने सीओ पटियाली और कासगंज पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर देवदूत बनकर न आती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!