Breaking News

बरेली-मथुरा हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मैजिक को मारी टक्कर, 11 लोग गंभीर रूप से घायल।

बरेली-मथुरा हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मैजिक को मारी टक्कर, 11 लोग गंभीर रूप से घायल।

बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां छतुईया गांव के पास कासगंज की ओर से आ रहे मक्का लदे ट्रैक्टर-ट्रॉले ने सामने से आ रही एक मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 11 लोग लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए। ये सभी लोग थाना ढोलना क्षेत्र के कोटरा गांव के निवासी हैं, जो कासगंज से अरबी बेचकर अपने घर लौट रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में टीकाराम, मदनलाल, यादराम, देव सिंह, ताराचंद, तालेवर, सुनील कुमार, धर्मेंद्र, शिवम, विष्णु और चालक राजेश शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉला बहुत तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करने के चक्कर में सीधे मैजिक से जा टकराया, जिससे मैजिक कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची उझानी पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से सीएचसी उझानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार इनमें से तीन घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग सामने आई है। एक साथ गांव के 11 लोगों के घायल होने की खबर जैसे ही कोटरा गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया और बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। तहरीर मिलने पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!