Breaking News

गंजडुंडवारा: जीआरपी की तत्परता से टला बड़ा हादसा, ट्रेन के आगे कूदने जा रहे युवक की बचाई जान।

गंजडुंडवारा: जीआरपी की तत्परता से टला बड़ा हादसा, ट्रेन के आगे कूदने जा रहे युवक की बचाई जान।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। जनपद के गंजडुंडवारा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को तैनात जीआरपी जवानों ने अपनी सतर्कता और सूझबूझ से एक युवक की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। पारिवारिक विवाद से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदने जा रहे युवक को पुलिसकर्मियों ने चंद सेकंड पहले खींचकर मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। जवानों के इस जांबाज कारनामे की हर तरफ सराहना हो रही है और स्टेशन परिसर ‘उत्तर प्रदेश पुलिस जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।

मिली जानकारी के अनुसार, गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम सुजावलपुर निवासी 36 वर्षीय सचिन पुत्र सूरजपाल का अपने परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी कलह से आहत होकर वह आत्मघाती कदम उठाने के इरादे से रेलवे स्टेशन पहुँच गया। जैसे ही कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर प्रवेश कर रही थी, सचिन पटरी की ओर दौड़ पड़ा और ट्रेन के सामने कूदने का प्रयास करने लगा। गनीमत रही कि ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल कायम सिंह और कांस्टेबल प्रदीप सिंह की नजर उस पर पड़ गई। इससे पहले कि वह ट्रेन की चपेट में आता, दोनों जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना फुर्ती दिखाई और उसे खींचकर पटरी से दूर कर लिया।

युवक को सुरक्षित बचाने के बाद जीआरपी जवानों ने उसे अपने पास बैठाया, पानी पिलाया और ढाढस बंधाते हुए समझाया। पूछताछ में सचिन ने भावुक होकर बताया कि वह घरेलू कलह से तंग आकर अपनी जान देने आया था। जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उसके परिजनों से संपर्क किया। सचिन की पत्नी ने बताया कि वह घर से नाराज होकर निकले हैं। इसके बाद जीआरपी ने उसके पिता सूरजपाल और भाई पुष्पेंद्र को सूचना देकर स्टेशन बुलाया। उचित काउंसलिंग के बाद पुलिस ने सचिन को सकुशल उसके पिता और भाई के सुपुर्द कर दिया।

घटना के दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद सैकड़ों यात्रियों ने जीआरपी के इन जांबाज जवानों की इस बहादुरी को देखा और उनकी जमकर प्रशंसा की। सचिन के परिजनों ने भी रोते हुए जवानों का आभार जताया। पुलिस की इस तत्परता ने न केवल एक अनमोल जीवन बचाया, बल्कि एक परिवार को बिखरने से भी रोक लिया। इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!