Breaking News

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर डीएम ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर डीएम ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए जिला प्रशासन अभी से ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार को तहसील सदर के अंतर्गत फूलबेहड़ ब्लॉक का सघन दौरा कर बंधों और तटवर्ती गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने बीते वर्षों में आई बाढ़ के अनुभवों को साझा करते हुए राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष की कार्ययोजना इतनी पुख्ता होनी चाहिए कि आपदा के समय जनहानि और मालहानि को शून्य पर रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मानचित्रों के जरिए भौगोलिक स्थिति को समझा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने प्रशासन को निर्देशित किया कि बाढ़ आने की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर भेजने के लिए चिन्हित स्थलों की सूची पहले से तैयार कर ली जाए। उन्होंने राहत शिविरों में बुनियादी सुविधाओं, पर्याप्त खाद्य सामग्री, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता और बेजुबान पशुओं के संरक्षण के लिए अभी से ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया। डीएम ने चेतावनी दी कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसलिए समय रहते सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली जाएं। इस दौरान उनके साथ अधिशासी अभियंता (शारदा खंड) करनपाल गंगवार और एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

क्षेत्रीय भ्रमण के पश्चात जिलाधिकारी ने शारदा बैराज स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने शारदा बैराज ऑटोमेशन प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली को समझा और बैराज के गेटों के संचालन का जायजा लिया। बैराज इंचार्ज से बातचीत करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जल स्तर और डिस्चार्ज रेट पर रियल टाइम नजर रखी जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल मिल सके। डीएम ने ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन, हेड रेगुलेटर के संचालन और घाघरा-शारदा की इंटरलिंकिंग जैसी तकनीकी बारीकियों की भी जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को डिवाइड वाल की स्थिति को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि पानी के बहाव को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!