Breaking News

लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मनाया गया बाल दिवस, गृह विज्ञान प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मनाया गया बाल दिवस, गृह विज्ञान प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

रिपोर्ट – अमित कुमार ओझा, संवाददाता

चहनिया। लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षा संकाय सभागार में शुक्रवार को बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर गृह विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उद्घाटन महाविद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक धनंजय सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां वाग्देवी, बाबा कीनाराम, पंडित जवाहरलाल नेहरू और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भूतपूर्व विधायक व शिक्षाविद लोकनाथ सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

गृह विज्ञान विभाग की स्नातकोत्तर छात्राओं ने इस प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ तैयार कर उनकी गुणवत्ता, पोषण और वर्तमान समय में बढ़ते खाद्य संक्रमित रोगों से बचाव संबंधी जानकारियां मुख्य अतिथि व संबंधित विषय के प्राध्यापकों के समक्ष प्रस्तुत कीं। छात्राओं द्वारा लगाए गए स्टॉल प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहे, जहाँ उन्होंने गृह विज्ञान पाठ्यक्रम से जुड़े प्रयोगों और नवाचारों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, उनके संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नेहरू न केवल स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री थे, बल्कि एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने वैज्ञानिक सोच, तकनीकी विकास, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को भारत की पहचान बनाया। उनका जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने आईआईटी, एम्स और अन्य प्रमुख संस्थानों की स्थापना कर भारत को आधुनिक विज्ञान और शोध के क्षेत्र में मजबूती दी। वे गुटनिरपेक्ष आंदोलन के संस्थापकों में भी शामिल रहे। उन्होंने पूर्ण स्वराज का नारा दिया और “मेरी आत्मकथा” जैसी प्रेरक कृतियों की रचना कर अपने विचारों को जन-जन तक पहुँचाया।

कार्यक्रम में डॉ. बिंदु श्रीवास्तव, डॉ. नीलम प्रजापति, रफ़त जहां, डॉ. सर्वेश कुमार शर्मा, डॉ. प्रभाकर चौधरी, डॉ. गोविंद नारायण, भृगुनाथ पाठक, डॉ. रितेश गुप्ता, डॉ. विपिन राय, अवधेश सिंह, रितेश पांडेय सहित कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!